HomeUTTAR PRADESHपंजाबी बाग चौक को अब स्व. मदन लाल खुराना चौक के नाम...

पंजाबी बाग चौक को अब स्व. मदन लाल खुराना चौक के नाम से जाना जाएगा, दिल्ली सरकार का फैसला


Delhi News: राजधानी दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा पंजाबी बाग पुल के नीचे स्थित पुराने जनरल स्टोर चौक का नामकरण दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मदन लाल खुराना के जन्मदिन के अवसर पर किया गया। इस चौक का लोकार्पण समारोह आज उनकी जन्म जयंती 15 अक्टूबर 2025 को हुआ। आयोजन का संचालन लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के तत्वावधान में किया गया।


नामकरण पट्टिका का अनावरण दिल्ली सरकार लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविन्द्र इंद्राज, नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक राजकुमार भाटिया ने किया। इस मौके पर विधायक हरीश खुराना की माताजी राज मदन लाल खुराना, विशेष रूप से इस गौरवशाली क्षण के साक्षी बने। क्षेत्रीय विधायक हरीश खुराना इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वीडियो कॉल के माध्यम से समस्त क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएँ प्रेषित की और खुराना जी के कार्यों को याद किया।


लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने क्या कहा?


समारोह के मुख्य अतिथि प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार की पहल के तहत राजधानी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से महत्त्वपूर्ण स्थलों को स्थानीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों और जननेताओं के नाम से जोड़ा जा रहा है। इससे नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं, को ऐसे नाम करण से महान हस्तियों के जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।


बांसुरी स्वराज ने कही ये बात


सांसद बांसुरी स्वराज ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय मदन लाल खुराना जी ने दिल्ली की सेवा में जो समर्पण, निष्ठा और ईमानदारी दिखाई, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यह चौक केवल एक नाम नहीं, बल्कि उस व्यक्ति की स्मृति है जिसने दिल्ली को आधुनिक विकास की राह पर आगे बढ़ाया। यह चौक नागरिकों को यह याद दिलाएगा कि राजनीति का असली उद्देश्य जनता के बीच रहकर उनके जीवन को बेहतर बनाना है।


विधायक हरीश खुराना ने अपने पिता को किया याद


विधायक हरीश खुराना ने अपने पिता स्व मदन लाल खुराना को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इस चौक का नामकरण न केवल भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह क्षेत्र की पहचान और गौरव का प्रतीक भी बनेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चौक को आकर्षक बनाने, नई प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने और यातायात को सुचारू करने के लिए विशेष योजनाएं तैयार की जा रही हैं।


इस मौके पर सामाजिक न्याय मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि यह चौक सिर्फ दिल्ली की विरासत का प्रतीक नहीं, बल्कि हमारी राजधानी के सतत विकास और आधुनिकता का नया आयाम है। इस सफलता के लिए सभी अधिकारियों और टीम को मेरी हार्दिक बधाई। कपिल मिश्रा ने कहा ‘आइए, मिलकर दिल्ली को और भी गौरवशाली, स्मार्ट और प्रगतिशील बनाने की इस यात्रा को आगे बढ़ाएं।’


कौन थे मदन लाल खुराना?


स्वर्गीय मदन लाल खुराना के नाम से इसे जोड़ना दिल्ली की राजनीति और समाज के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है। मदन लाल खुराना दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता और जनप्रिय मुख्यमंत्री रहे। उनके कार्यकाल में सड़क, पुल, परिवहन और नागरिक बुनियादी ढांचे में जो विकास हुआ, उसने दिल्ली के शहरी ढांचे को नई पहचान दी। पंजाबी बाग, रानी बाग और पश्चिमी दिल्ली के नागरिकों के बीच वे एक सच्चे जननायक के रूप में जाने जाते थे।


इस मौके पर करोल बाग जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र बब्बर, पूर्व विधायक सुभाष सचदेवा, पी के चंदला, पूर्व पार्षद वेद गुप्ता, विपिन मल्होत्रा, राजू लाम्बा, भाजपा मोती नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक आनंद, कर्मपुरा मंडल अध्यक्ष के.के. तिवारी, रमेश नगर मंडल अध्यक्षा श्रीमती दिव्या गोसाई, पूर्व पार्षद वरिष्ठ पत्रकार मनोज सलूजा, पूर्व अध्यक्ष राजीव गुप्ता स्थानीय आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, व्यापारिक संघों के पदाधिकारी तथा दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read