HomeUTTAR PRADESHRajasthan News: कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए महिला सुरक्षा हमारी प्राथमिकता :...

Rajasthan News: कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए महिला सुरक्षा हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा


Rajasthan News: राजस्थान के जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि समाज को सही दिशा देने एवं देश-प्रदेश को मजबूत करने में महिलाओं की अहम भूमिका है। महिला एक कदम चलेगी तो राजस्थान सौ कदम आगे बढ़ेगा। हमारी सरकार भी इस आधी आबादी की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ मीडिया सरकार एवं जनता के मध्य सेतु की तरह कार्य करता है। ऐसे में हमारी महिला पत्रकार भारत और राजस्थान की शिल्पकार के रूप में बेहतरीन काम कर रही हैं।


सीएम शर्मा ने गुरूवार को मुख्यमंत्री निवास पर ‘मुख्यमंत्री संग रक्षाबंधन-मीडिया की बहनों का सम्मान’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी महिला पत्रकारों को राखी की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्यौहार हमारी संस्कृति में भाई-बहन के परस्पर स्नेह का द्योतक है। बहन द्वारा बांधा गया रक्षा सूत्र भाई को सुरक्षा कवच देता है। आपका यह भाई आपकी हर तरीके से सुरक्षा एवं सहयोग के लिए तैयार खड़ा है। उन्होंने कहा कि महिला पत्रकार बड़ी जिम्मेदारी से लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य कर रही हैं। आपकी लेखनी और आपके द्वारा कही गई हर बात समाज में विश्वास पैदा करता है। इस आधी आबादी के सहयोग से ही हम हर लक्ष्य को हासिल कर पाएंगे।


हमारी सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए ले रही निरंतर निर्णय


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रदेश की महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गरीब परिवार  की महिलाओं को 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर, मा वाउचर योजना के तहत निशुल्क सोनोग्राफी, लाडो प्रोत्साहन योजना, स्कूटी और साइकिल वितरण जैसी योजनाओं एवं नवाचारों से महिलाओं को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार द्वारा कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, तीन महिला बटालियन, 65 एंटी रोमियो स्क्वॉड, पुलिस थानों में महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है।


प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नारी सशक्तीकरण को मिली नई उड़ान


मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नारी सशक्तीकरण के क्षेत्र में नई उड़ान मिली है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, लखपति दीदी जैसी योजनाओं से महिलाएं मजबूत हो रही हैं। साथ ही, नारी शक्ति वंदन अधिनियम से संसद तथा विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा ‘एक पेड़ मां के नाम’, स्वच्छता अभियान जैसे सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की कि वे नागरिक कर्तव्यों का पालन करते हुए राज्य एवं केन्द्र सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद करें।


हमारे भाई भजनलाल जी महिला सुरक्षा के क्षेत्र में कर रहे बेहतरीन काम


इस अवसर पर विभिन्न मीडिया संस्थाओं की महिला पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा। महिला पत्रकारों ने कहा कि यह पहला अवसर है जब हम महिला मीडियाकर्मियों ने मुख्यमंत्री के राखी बांधी है। यह दर्शाता है कि राज्य सरकार महिलाओं के हितों के लिए सजग है। हमारे भाई भजनलाल जी राजस्थान में महिला सुरक्षा एवं महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए बेहतरीन काम कर रहे हैं। सरल व्यक्तित्व के धनी श्री शर्मा गरीब, महिला, युवा, किसान के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। महिला मीडियाकर्मियों ने श्री शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है जिससे समाज में महिलाओं की सुरक्षा बढ़ी है तथा प्रशासन में विश्वास कायम हुआ है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read