HomeUTTAR PRADESH‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’अभियान की हुई शुरुआत, सीएम रेखा ने लगाया...

‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’अभियान की हुई शुरुआत, सीएम रेखा ने लगाया झाड़ू


CM Rekha Mission Clean Delhi:‘देश की राजधानी दिल्ली को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’ अभियान प्रारंभ किया। यह अभियान 31अगस्त तक चलेगा। इसमें जन-भागीदारी सहित विभिन्न सरकारी निकाय मिलकर एक उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। मुख्यमंत्री का कहना है कि स्वच्छता अभियान तब सफल होता है, जब हम खुद पहल करें। आज दिल्ली को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। सीएम रेखा ने यह भी कहा कि यह अभियान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत मिशन को दिल्ली में नई गति देने वाला जनांदोलन है।


सीएम रेखा ने दिया संदेश


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’अभियान की शुरुआत कश्मीरी गेट स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय परिसर से की। मुख्यमंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर संदेश दिया कि ऐसे अभियानों में सभी का जुड़ना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने इस कार्यालय की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि इसे सुधारने के लिए प्रभावी उपाय किए जाएंगे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक आदत नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्य है। और अब समय आ गया है कि हम सब मिलकर दिल्ली को कूड़े से मुक्त करें। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज से शुरू हुए ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’ अभियान के अंतर्गत पहला दिन सभी सरकारी कार्यालयों की सफाई को समर्पित किया गया है।


पूरी प्रतिबद्धता से होगी सफाई: सीएम रेखा


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि प्रभावी सफाई व स्वच्छता के लिए  ई-वेस्ट और कबाड़ के निस्तारण की प्रक्रिया को सरल और तेज़ बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि हम केवल सफाई तक सीमित न रहें, बल्कि कार्यस्थलों में भी इसे प्रभावी रूप से अपनाएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का हर विभाग इस विशेष स्वच्छता अभियान में पूरी शक्ति और प्रतिबद्धता के साथ जुटा हुआ है। राजधानी का हर विधायक, हर पार्षद और हर सरकारी कर्मचारी इस परिवर्तन का जिम्मेदार भागीदार है। इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत दिल्ली की जनता है। हर दिल्लीवासी इस बदलाव का सक्रिय हिस्सा है। यह अभियान सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि पूरे शहर की सामूहिक भागीदारी का प्रतीक है।


विकसित दिल्ली बनाने में सफाई की अहम भूमिका; सीएम रेखा 


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’अभियान एक नई सोच, नई दिशा और एक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ दिल्ली की ओर बढ़ने का संकल्प है। इस एक महीने में हम सभी मिलकर हर गली, हर मोहल्ले, हर बाजार और हर सार्वजनिक स्थल को साफ करेंगे, कूड़े को हटाएंगे, हरियाली बढ़ाएंगे और स्वच्छता को स्थायी आदत बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि यह अभियान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत मिशन को दिल्ली में नई गति देने वाला जन-आंदोलन है। इसका उद्देश्य न केवल कूड़ा-कचरा मुक्त भारत बनाना है, बल्कि स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना भी है। मुख्यमंत्री के अनुसार पूरी दिल्ली मिलकर इसे जन-आंदोलन का रूप देगी। देश की राजधानी दिल्ली को ‘विकसित दिल्ली’ बनाने में सफाई व स्वच्छता की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।


दिल्ली को कचरे से मुक्ति’ अभियान की मुख्य विशेषताएं


* पहले दो दिन स्कूलों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों में जमा कचरे और सफाई से संबंधित लंबित कार्यों को निपटाने पर केंद्रित रहेंगे।


* प्रत्येक शनिवार और रविवार को यह अभियान अनधिकृत कॉलोनियों और झुग्गी बस्तियों पर केंद्रित होगा।


* 14, 21 और 28 अगस्त को यमुना घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।


* 29 और 31 अगस्त को रिंग रोड की सफाई की जाएगी।


* इस अभियान के लिए एमसीडी को  5करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।


* सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए, उच्च प्रदर्शन करने वाली रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को पुरस्कार दिए जाएंगे: सर्वश्रेष्ठ के लिए 25 लाख रुपये, दूसरे स्थान के लिए 15 लाख रुपये और तीसरे स्थान के लिए 10 लाख रुपये।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read